पलवल, 24 अगस्त: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के विज्ञापन एवं दृश्य प्रचार निदेशालय द्वारा आयोजित ‘आजादी के 70 साल-याद करो कुर्बानी’ चित्र प्रदर्शनी में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम, स्वतंत्रता संग्राम के विभिन्न आन्दोलनों, प्रथम स्वतंत्रता दिसव समारोह, स्वतंत्रता के उपरांत की प्रक्रियाओं को प्रदर्शित किया गया है। वर्तमान केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को भी प्रदर्शित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत विज्ञापन एवं दृश्य प्रचार निदेशालय द्वारा गत 12 अगस्त से 17 अगस्त तक दिल्ली में इंडिया गेट पर ‘आजादी के 70 साल-याद करो कुर्बानी’ प्रथम चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। विशेष प्रचार अभियान के क्रम में विज्ञापन एवं दृश्य प्रचार निदेशालय के फोटो प्रभाग एवं प्रकाशन विभाग द्वारा आकल्पिक एवं प्रस्तुत पलवल में आयोजित ‘आजादी के 70 साल-याद करो कुर्बानी’ दूसरी चित्र प्रदर्शनी है। स्थानीय महात्मा गांधी सामुदायिक केन्द्र एवं पंचायत भवन में प्रदर्शित चित्र प्रदर्शनी में 160 चित्र प्रदर्शित किए गए हैं। तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी 25 अगस्त तक जारी रहेगी।
‘आजादी के 70 साल-याद करो कुर्बानी’ चित्र प्रदर्शनी मूलत: स्वतंत्रता संग्राम के योद्धाओं को समर्पित है। प्रदर्शनी के माध्यम से आशा की गई है कि हम सब स्वतंत्रता संग्राम युग के जीवन मूल्यों, त्याग, बलिदान,आचरण की पवित्रता और देश के लिए आत्मोत्सर्ग को आत्मसात कर सकेंगे। प्रदर्शनी में वर्ष 1857 से वर्ष 1947 तक स्वतंत्रता के संघर्ष, वर्ष 1947 से वर्ष 2014 तक तथा वर्ष 2014 से वर्ष 2016 तक का विवरण व चित्र प्रदर्शित किए गए हैं।
चित्र प्रदर्शनी में प्लासी के सौ वर्ष बाद, राष्ट्रव्यापी जागरण, जनाक्रोश की लहर, हमारे विचार, बंगभंग आन्दोलन, विदेशों में क्रांतिकारी अभियान, महात्मा गंाधी का अभ्युदय, सत्याग्रह का प्रारम्भ, जलियांवाला कांड, दक्षिण का विद्रोह,शिमला सम्मेलन, नमक कानून तोडऩा, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के अनुयायियों, लार्ड माउंटबेटन की अंतिम विदाई, जश्र ऐ आजादी, स्वतंत्रता का उन्मुक्त आकाश तथा स्वतंत्रता आन्दोलन के संबंध में विभिन्न ऐतिहासिक चित्र प्रदर्शित किए गए हैं।
चित्र प्रदर्शनी में प्रथम स्वतंत्रता दिवस समारोह, भारत का प्रथम उपग्रह आर्यभट्ट,कारगिल का तत्कालीन प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी का दौरा व पोखरण परमाणु विस्फोट के चित्र प्रदर्शित किए गए हैं। वर्ष 2014 से वर्ष 2016 तक की केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों व प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संदेश प्रदर्शित किए गए हैं। जनकल्याणकारी नीतियों में कृषि की बढ़ती महत्ता, वित्तीय समावेश व कौशल, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्वच्छ भारत अभियान, महिला सशक्तिकरण,प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, स्टार्टअप इंडिया, सुशासन के साथ प्रगति, जनहित में सक्रिय सुधार, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, संविधान दिवस आदि विवरण शामिल है। चित्र प्रदर्शनी में भारत के राष्ट्रपतियों, उपराष्ट्रपतियों व प्रधानमंत्रियों के चित्र भी प्रदर्शित किए हैं।
Post A Comment:
0 comments: