Followers

Showing posts with label Faridabad News. Show all posts

9 मई को फरीदाबाद में लगेगी लोक अदालत, लोन, वैवाहिक विवाद और ट्रैफिक चालान का होगा निपटारा

lok-adalat-9-may-in-faridabad


जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 09 मई 2026 (शनिवार) को किया जाएगा। यह आयोजन जिला न्यायालय परिसर, सेक्टर-12, फरीदाबाद में संपन्न होगा। लोक अदालत का आयोजन जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं चेयरमैन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संदीप गर्ग के कुशल मार्गदर्शन और सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के जितेंद्र सिंह  के सक्षम नेतृत्व में होगा।

सीजेएम जितेंद्र सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य न्यायालयों में लंबित अधिक से अधिक मामलों का आपसी समझौते के माध्यम से सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि आम जनता को त्वरित, सरल, सस्ता एवं सुलभ न्याय प्राप्त हो सके।

उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में निम्नलिखित प्रकार के मामलों का निपटारा किया जाएगा

विशेष लोक अदालत में बैंक ऋण वसूली से संबंधित मामले, मोटर वाहन दुर्घटना दावा मामले, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद, दीवानी वाद (सिविल सूट्स), फौजदारी जमानती मामले, श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण संबंधी मामले, बिजली एवं जल बिल विवाद (जहां आपसी सहमति संभव हो), राजस्व संबंधित मामले, ट्रैफिक चालान एवं समरी चालान सहित अन्य सभी प्रकार के छोटे एवं समझौता योग्य वादों का आपसी सहमति के आधार पर निपटारा किया जाएगा।

सीजेएम जितेंद्र सिंह ने जिले के नागरिकों से  अपील की है कि वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं और अपने लंबित मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से निपटाने हेतु न्यायालय में संपर्क करें। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में किसी भी पक्ष को कोई भी कोर्ट फीस अदा नहीं करनी पड़ती, और यदि पहले से कोर्ट फीस अदा की गई है तो वह राशि नियमानुसार वापिस दी जाती है। लोक अदालत में पारित निर्णय अंतिम होता है तथा उसके विरुद्ध कोई अपील नहीं की जा सकती, जिससे विवाद का स्थायी व त्वरित समाधान संभव हो पाता है। राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन से न्यायिक प्रणाली पर भार कम होगा और समाज में आपसी सद्भाव एवं विश्वास को बल मिलेगा।

फरीदाबाद के कोटगांव में कैमरे में कैद हुई दुनिया की सबसे छोटी बिल्ली

small-cat-seen-in-faridabad-kot-village



शोधकर्ताओं ने अरावली के प्राकृतिक परिदृश्य में दुनिया की सबसे छोटी बिल्ली प्रजाति, जो आईयूसीएन की रेड लिस्ट में 'संकट के करीब' प्रजाति के रूप में सूचीबद्ध है, के प्रजनन का पहला फोटोग्राफिक प्रमाण दिया है। यह पल भर का, सिर्फ 10 सेकंड का एक छोटा सा नजारा था। लेकिन इतना काफी था कि एक रस्टी-स्पॉटेड बिल्ली अपने बच्चे के साथ कैमरे में कैद हो गई, जिससे दिल्ली-एनसीआर में इस प्रजाति के प्रजनन का पहला पुख्ता फोटोग्राफिक सबूत मिला।

पिछले सप्ताह पीयर-रिव्यू जर्नल 'ज़ूज़ प्रिंट' में प्रकाशित यह शोध, अमित कुमार, तेजवीर मावी, यतिन वर्मा, राम कुमार रावत और सोहेल मदन सहित स्वतंत्र शोधकर्ताओं की एक टीम द्वारा फरीदाबाद और गुड़गांव के अरावली क्षेत्र में किए गए क्षेत्रीय सर्वेक्षणों पर आधारित है। ये शोधकर्ता हरियाणा के मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के प्राणी विज्ञान विभाग से संबद्ध हैं।

शोधकर्ताओं ने जुलाई 2025 में कोट गांव में एक वयस्क बिल्ली को उसके आश्रित बच्चे के साथ देखा, जिससे पहली बार यह साबित हुआ कि यह दुर्लभ प्रजाति इस क्षेत्र में प्रजनन कर रही है। यह अवलोकन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह क्षेत्र में स्थायी आबादी का संकेत देता है।

आईयूसीएन की रेड लिस्ट में 'संकट के करीब' श्रेणी में वर्गीकृत और वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम की अनुसूची I के तहत संरक्षित, रस्टी-स्पॉटेड कैट (प्रियोनाइलुरस रुबिगिनोसस) दुनिया की सबसे छोटी जंगली बिल्ली है और अपने एकांतप्रिय स्वभाव और कम घनत्व के कारण इसे बहुत कम ही देखा गया है। ऐसा माना जाता है कि इसके लगभग 75% आवास पर कृषि और शहरी विस्तार सहित भूमि उपयोग में परिवर्तन का खतरा मंडरा रहा है।

“रस्टी-स्पॉटेड कैट दुनिया की सबसे छोटी बिल्ली प्रजातियों में से एक है। यह घने जंगलों में पाई जाती है, जहाँ कोई व्यवधान नहीं होता। लेकिन हमने इसे अरावली में शहर के बहुत करीब देखा है। यह पहली बार है जब किसी ने इसके प्रजनन को दर्ज किया है। यह इस बात का प्रमाण है कि अरावली अभी भी अत्यंत संवेदनशील वन्यजीवों का घर है,” शोधकर्ताओं में से एक तेजवीर मावी  ने कहा।

अब तक, इस प्रजाति को दिल्ली -एनसीआर में छिटपुट रूप से ही देखा गया था। वर्मा ने बताया, “सितंबर 2023 में मंगर बानी से… उससे पहले हरियाणा से, पिछले कुछ वर्षों में केवल तीन-चार बार ही इसे देखा गया था। यह सब कैमरा ट्रैप के माध्यम से दर्ज किया गया था और कोई प्रत्यक्ष अवलोकन नहीं हुआ था। लेकिन हाल ही में हमें प्रत्यक्ष अवलोकन भी प्राप्त हुए हैं।” उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने अब तक तीन प्रत्यक्ष अवलोकन दर्ज किए हैं, जिनमें से एक इसी सप्ताह का है।

तेजवीर मावी ने बताया कि पहली बार जीवित देखे जाने की घटना 2023 में गुड़गांव के भोंडसी में दर्ज की गई थी, इसके बाद 2025 में कोट गांव में मां और बिल्ली के बच्चे को देखा गया 

शोधकर्ताओं ने कहा कि अरावली पर्वतमाला में लगभग 20-30 स्थानों पर इस प्रजाति की उपस्थिति एक संभावित स्थिर आबादी का संकेत देती है, हालांकि अभी तक कोई व्यवस्थित जनसंख्या अध्ययन नहीं किया गया है। चार स्वतंत्र शोधकर्ताओं की टीम अब भोजन व्यवहार, जनसंख्या अनुमान और मनुष्यों के साथ अंतर्संबंध का आकलन करने के लिए एक व्यापक अध्ययन कर रही है।

“यह बिल्ली शर्मीली नहीं है। आमतौर पर ऐसा माना जाता है, लेकिन यहाँ हमने स्पष्ट रूप से पाया कि यह इंसानों की मौजूदगी से वाकिफ थी। दो बार जब हमने इसे देखा, तो यह शिकार करते समय तीन से चार घंटे तक हमारे साथ रही... जब यह बिल्ली के बच्चे के साथ थी, तो यह केवल 10 से 15 सेकंड के लिए ही दिखाई दी

HSNCB ने 3 नंबर मस्जिद के पास से 1 महिला को हीरोइन के साथ किया गिरफ्तार

hsncb-arrested-1-lady-from-nit-3-masjid


फरीदाबाद 06 मई 2026: हरियाणा सरकार के “नशा मुक्त प्रदेश” संकल्प के तहत हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की फरीदाबाद यूनिट ने कार्यवाही करते हुए नेहरू कॉलोनी NIT-3 मस्जिद जिला फरीदाबाद निवासी एक महिला को किया गिरफ्तार।

ब्यूरो प्रमुख एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) श्री संजय कुमार, IPS के सख्त निर्देशों पर व ब्यूरो पुलिस अधिक्षक श्री मोहित हाण्डा जी IPS के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में नशा तस्करों पर कार्यवाही की जा रही है। ब्यूरो प्रमुख एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) श्री संजय कुमार, IPS ने स्पष्ट किया है कि "नशे की जड़ों को खत्म करना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"

इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए हरियाणा स्टेट नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो इंचार्ज यूनिट फरीदाबाद इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि यूनिट में उपस्थित सहायक उप-निरिक्षक महेंद्र सिंह को एक गुप्त सुचना मिली कि निवासी नेहरू कॉलोनी NIT-3 जिला फरीदाबाद निवासी महिला नशीला पदार्थ हिरोईन/चिट्टा बेचने का काम करती है। जो आज भी नशीला पदार्थ चिट्टा/ हैरोइन अपने घर से बेच रहीं हैं। अगर फोरी रैड की जावे तो वह नशीले पदार्थ हिरोईन/चिट्टा सहित काबू आ सकता है। पुलिस टीम ने तुरंत मुखबर के बताए अनुसार कार्यवाही करते हुए साथी मुलाजमान की सहायता से उपरोक्त महिला को नशीले पदार्थ हिरोईन/चिट्टा सहित काबू किया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 23.16 ग्राम नशीला पदार्थ हिरोईन (स्मैक) बरामद हुआ। महिला आरोपी को माननीय न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लेने के बाद पुलिस अब आरोपी से आगे की पूछताछ कर उनके नशा तस्करी नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य अपराधियों तक पहुँचने का प्रयास कर रही है।

हरियाणा एनसीबी समाज से इस ड्रग्स की बुराई को मिटाने के लिए जनता से सक्रिय सहयोग की अपील करती है। नागरिकों से अनुरोध है कि नशा तस्करी या बिक्री से संबंधित कोई भी सूचना मिलने पर तुरंत और बेझिझक NCB नेशनल हेल्पलाइन 1933, ऑनलाइन शिकायत पोर्टल NCBMANAS.GOV.IN या हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन 90508-91508 टोल-फ्री नंबरों पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। 

फरीदाबाद: पहले दोनों ने दारू पीकर बनाया शारीरिक संबंध, फिर कर दिया महिला का मर्डर

faridabad-crime-branch-dlf-arrested-1-murder-accused


22 अप्रैल को डायल 112 से पुलिस चौकी बल्लबगढ में सूचना प्राप्त हुई कि आर्दश सब्जी मंडी बल्लबगढ में एक महिला की डेड बॉडी मिली है। जिस संबंध में गौरव (फल विक्रेता) की दरखास्त पर नामालुम मृतका के संबंध में पुलिस द्वारा 194 बी एन एस एस की कार्रवाई की गई तथा सिविल अस्पताल फरीदाबाद में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मृत्यु आंतरिक चोटें लगने के कारण बताई गई। जिस पर थाना शहर बल्लबगढ में हत्या की धारा में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस चौकी बल्लबगढ की टीम ने महिला की पहचान बारे इश्तेहार जारी कराये गये तथा आसपास के क्षेत्र में महिला के बारे पूछताछ की गई। अपराध शाखा डीएलएफ के प्रयास से महिला की पहचान फिरोजा उर्फ आरती उर्फ कल्लो, उम्र-44-45 वर्ष, वासी पश्चिम बंगाल के रुप में हुई। जिसने वर्ष 2000 में मुकेश निवासी खुर्जा बुलंदशहर के साथ कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद से ही मृतका का परिवार करीब 25 साल से फरीदाबाद में रह रहा था। वह लगभग 13-14 सालों से अपने परिवार से अलग रहती थी और कभी- कभार ही घर आती थी।  

वरुण कुमार दहिया,सहायक पुलिस आयुक्त, अपराध ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि अपराध शाखा की टीम ने तकनीकी सहायता व गुप्त सूत्रों की सूचना पर 1 मई को बीरू (36) निवासी खेडी मुरार रेवाडी हाल लखानी चौक के पास मुजेसर को लखानी चौक मुजेसर एरिया से गिरफ्तार किया है। वह सेक्टर 24 स्थित एक प्राईवेट कंपनी में काम करता है।  

पूछताछ में सामने आया कि वह मूलरुप से रेवाडी का निवासी है और पिछले 35 सालों से फरीदाबाद में रह रहा है। करीब 13-14 साल पहले मृतका फिरोजा उर्फ आरती उर्फ कल्लो आरोपी बीरू के भाई  सन्नी के पास रहती थी। तभी से उसकी जानकारी है। 4 साल पहले सन्नी की मृत्यु हो गई थी । फिरोजा उर्फ आरती उर्फ कल्लो बस स्टेंड बल्लभगढ व आसपास के क्षेत्र में घुमती रहती थी। 

आरोपित की पत्नी 4 साल पहले ही उसको छोड कर जा चुकी है। फिरोजा उर्फ आरती उर्फ कल्लो के साथ आरोपी बीरू अवैध संबंध थे जिनके चलते मृतिका आरोपी से बार बार पैसे की डिमांड करती थी और पैसे की डिमांड पूरी ना करने पर पुलिस में शिकायत करने के लिये धमकी देती थी। 21 अप्रैल को रात के समय आरोपी बीरू बस स्टेंड बल्लभगढ पर आया था, जहां पर उसको मृतिका फिरोजा उर्फ आरती उर्फ कल्लो मिली थी। जहां पर दोनों ने शराब पी और नशा होने के बाद उसने मृतिका के साथ जबरदस्ती शारीरिक सम्बन्ध बनाए। जिसको लेकर झगड़ा हो गया और मृतिका आरोपी को धमकी देने लगी कि पुलिस में फसवा दूंगी जिस डर से आरोपी बीरू ने वहीँ पास में पड़ी ईंट को उठाकर फिरोजा उर्फ आरती उर्फ कल्लो को सिर, छाती व पेट व अन्य जगहों पर ईंट से कई वार किये, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

आरोपी बीरू का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर चार मामले दर्ज है। वह करीब 2 महीने पहले ही एनडीपीएस के एक मामले में जेल से बाहर आया है। जिसको माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।

BK अस्पताल की जांच करने पहुंची केंद्रीय टीम, लेकिन..?

nqas-team-rechead-in-bk-hospital


फरीदाबाद के बीके अस्पताल में कल National Quality Assurance Standards (NQAS) की टीम निरीक्षण के लिए पहुंची। हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही अस्पताल में अचानक हुए सुधारों ने पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

संभवतः निरीक्षण टीम के आने की सूचना अस्पताल प्रशासन को पहले ही मिल गई थी। जिसके चलते अस्पताल को पहले से ही व्यवस्थित कर दिया गया। फ़टी चादरें बदल दी गयी, लिफ्ट को ठीक कर दिया गया, खराब पड़े वाटर कूलर को ठीक कर दिया गया। इसके अलावा पूरे अस्पताल में साफ-सफाई करवाई गई और कई व्यवस्थाएं दुरुस्त नजर आईं।

अस्पताल के अंदर निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं बेहतर दिखाई दीं, हो सकता है यह सुधार अस्थायी हो. निरीक्षण के बाद जब केंद्रीय टीम बाहर निकली, तो मीडिया ने उनसे जांच को लेकर सवाल पूछे। टीम से यह जानने की कोशिश की गई कि क्या निरीक्षण हुआ और क्या कमियां पाई गईं। हालांकि टीम के सदस्य इन सवालों का स्पष्ट जवाब देने से बचते नजर आए और आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी।

जानकारी के अनुसार, National Quality Assurance Standards (NQAS) की टीम अस्पतालों में स्वच्छता, मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं, बेडशीट सिस्टम, ऑपरेशन थियेटर की स्थिति और रिकॉर्ड मेंटेनेंस जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच करती है। हालाँकि बीके अस्पताल में निरीक्षण के दौरान क्या पाया गया, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में अब सभी की नजर टीम की रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि अस्पताल की वास्तविक स्थिति क्या है और क्या यहां स्थायी सुधार किए जाएंगे या नहीं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पहले से मिली सूचना के आधार पर अस्पताल की व्यवस्था दुरुस्त कर दी गयी थी ? अगर ऐसा है, तो यह निरीक्षण की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करता है। लोगों में यह भी चर्चा है कि कहीं इस पूरे मामले में किसी प्रकार की सांठ-गांठ तो नहीं हुई। अगर निरीक्षण से पहले ही कमियों को छिपा दिया जाता है, तो असल समस्याएं सामने ही नहीं आ पाएंगी। अगर निरीक्षण प्रक्रिया पारदर्शी नहीं रही, तो सुधार की गुंजाइश लगभग खत्म हो जाती है। कागजों में सब कुछ बेहतर दिखेगा, लेकिन जमीनी हकीकत जस की तस बनी रहेगी।

फरीदाबाद: जीजा के साथ मिलकर पत्नी ने कर दिया पति का मर्डर, मासूम बन शव के पास बैठी रही

crime-branch-dlf-arrested-2-murder-accused


फरीदाबाद- फरीदाबाद पुलिस द्वारा संगीन अपराधों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। थाना डबुआ क्षेत्र के अंतर्गत पति की हत्या कर शव को कूडे में फेंकने के मामले में क्राईम ब्रांच DLF की टीम ने मृतक की पत्नी व साले चंद्रप्रकाश वासी डबुआ फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार धर्मबीर वासी गांव नरहुली जिला एटा उ०प्र० ने थाना डबुआ में दी अपनी शिकायत में बताया कि 23 अप्रैल को उसके भाई जयबीर की किसी ने हत्या कर दी थी तथा सबूत मिटाने के लिए  डेड बॉडी को कूडे में फेंक दिया। जिस शिकायत पर थाना डबुआ में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी ने बताया कि जयबीर शराब पीकर रोजाना झगडा करता था। जिससे छुटकारा पाने के लिये 22/23 अप्रैल की रात को उसने अपने जीजा जितेंद्र उर्फ गुड्डू के साथ मिलकर पति जयबीर का गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर गुमराह करने के लिये दोनों ने जयबीर के शव को जंगले में फांसी से लटका दिया। 

इसके बाद 23 अप्रैल को सुबह के समय आरोपित पत्नी का भाई चंद्रप्रकाश व जीजा जितेंद्र उर्फ गुड्डू, जयबीर के शव को मोटरसाइकिल पर रखकर डबुआ पाली रोड उत्तम नगर के नजदीक कूडे के ढेर में फेंक आये। चंद्रप्रकाश को जेल भेजा गया है वहीं आरोपिता पत्नी को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। नीचे देखें वीडियो 


फरीदाबाद: माँ ने ही नाले में फेंककर 1 साल की मासूम बेटी का मर्डर कर दिया

mother-murder-his-1-year-daughter-in-faridabad


फरीदाबाद के हरकेश नगर पार्ट-2 स्थित लोहिया पुल के पास बुढ़िया नाले में 23 अप्रैल को मिली एक साल की मासूम बच्ची की लाश ने हर किसी का दिल दहला दिया था। इस दर्दनाक मामले में 25 अप्रैल को थाना पल्ला में हत्या और साक्ष्य छुपाने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। जांच आगे बढ़ी तो जो सच्चाई सामने आई, उसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि बच्ची की मां के पहले से 6 बेटियां हैं, और यह मासूम सबसे छोटी थी। गरीबी और आर्थिक तंगी से जूझ रही मां ने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया, जिसे सुनकर हर किसी की आंखें नम हो जाएंगी। 

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूत्रों की मदद से आरोपी मां को काबू कर लिया है। शुरुआती पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसने आर्थिक तंगी के चलते इस घटना को अंजाम दिया।

एक मां, जो अपनी औलाद के लिए ढाल बनती है, वही जब हालातों के आगे टूट जाए तो कहानी सिर्फ एक अपराध की नहीं, बल्कि समाज के उन कड़वे सच की बन जाती है, जहां गरीबी कभी-कभी इंसान से उसका सबसे बड़ा रिश्ता भी छीन लेती है। आरोपी महिला को सोमवार को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फरीदाबाद में 24 घंटे के अंदर मिली 2 डेड बॉडी, जांच में जुटी पुलिस

 

dead-body-found-in-janta-colony-and-sector-23

फरीदाबाद में लगातार मिल रही डेड बॉडीज ने शहर में दहशत का माहौल बना दिया है। बीते 24 घंटों के भीतर दो अलग-अलग जगहों से अज्ञात शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।

ताजा मामला सेक्टर-23 स्थित पंजाब रोलिंग मिल चौक के पास ब्रजवासी के नजदीक का है, जहां एक लगभग 30-35 वर्षीय पुरुष का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गईं और शव को एम्बुलेंस के जरिए पोस्टमार्टम के लिए बीके मोर्चरी भिजवाया गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

वहीं, इससे एक दिन पहले जनता कॉलोनी में एक नाले से सड़ी-गली अवस्था में एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद हुआ था। इस दौरान पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद शव को नाले से बाहर निकाला। उस शव की भी अब तक पहचान नहीं हो सकी है।

लगातार मिल रहे अज्ञात शवों ने पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। दोनों ही मामलों में पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि मृतकों की पहचान हो सके और इन मौतों के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।


फरीदाबाद में डुप्लीकेट दिमाग फेल, असली-नकली दोनों पकड़ाए, जानिए पूरा मामला

faridabad-police-arrested-2-fraud-in-hcs-exam


फरीदाबाद: 26 अप्रैल को हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा एचसीएस(Ex. Br.) एवं अन्य संबद्ध सेवाएं (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 का आयोजन कराया गया था। जिला फरीदाबाद में 80 परीक्षा केंद्रों (कॉलेज/स्कूल) पर दो सत्रों में यह परीक्षा आयोजित की गई थी। इस दौरान सेक्टर 7 सी स्थिति परीक्षा केंद्र नंबर 082 असल अभ्यार्थी की जगह पेपर देते हुए एक व्यक्ति को काबू किया गया, जिनके विरुद्ध थाना सेक्टर 8 फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार के.एल. मेहता दयानंद पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 7C फरीदाबाद में परीक्षा के दौरान असल आवेदक विशाल कुमार गैर हाजिर मिला तथा उसकी जगह पर मानव पुत्र आनंद वासी गांव करौथा जिला रोहतक ने पेपर दिया।

उन्होंने आगे बताया कि इस घटनाक्रम के संबंध में सेंटर सुपरिंटेंडेंट की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस चौकी सेक्टर 7 की टीम ने मानव पुत्र आनंद वासी गांव करौथा जिला रोहतक (फर्जी कैंडिडेट) व विशाल कुमार वासी मदीना रोहतक (असल कैंडिडेट) को काबू कर लिया है। जिसको सोमवार को माननीय अदालत में पेश कर आगामी कार्रवाई की जायेगी। 

फरीदाबाद: ऑटो में सवारी नहीं, गांजा एक्सप्रेस चलाते पकड़ा गया सुनील

cia-sector-30-arrested-1-ganja-taskar


फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध नशा पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। क्राईम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने 3.010 किलोग्राम गांजा सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर नशा  तस्करी में प्रयुक्त ऑटो को भी बरामद किया है। गिरफ्तार की पहचान सुनील वासी बडगांव, बरेली उ.प्र. हाल भेंडोली पलवल के रुप में हुई है। 

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सुनील ऑटो चलाने का काम करता है और किसी के कहने पर पलवल से अपने ऑटो में गांजा लेकर फरीदाबाद में देने के लिये आया था, उसने गांजा सप्लाई करने के 5 हजार रूपये लिये थे। जिसको माननीय अदालत में पेश कर 3 दिन पुलिस रिमांड पर लिया है।

उन्होंने आगे बताया कि 22 अप्रैल को क्राईम ब्रांच की टीम ने अपने गुप्त सूत्रों की सूचना पर सुनील को 3.010 किलोग्राम गांजा सहित समयपुर रोड से ऑटो के साथ काबू किया था। जिसके विरुद्ध थाना सेक्टर-58 में एन.डी.पी.एस. की धारा के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। 

पुलिसकर्मी का मर्डर करने वाले सद्दाम और आलम का हो एनकाउंटर, बिट्टू बजरंगी ने की मांग

faridabad-police-cop-asi-rajender-singh-murder


फरीदाबाद में एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है, जब पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता कितनी सुरक्षित है? 12 अप्रैल को आलमपुर गांव में डायल 112 पर सूचना मिलते ही एएसआई राजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे थे। दो पक्षों के बीच झगड़ा चल रहा था। पुलिस हमेशा की तरह बीच-बचाव करने आई थी, लेकिन हालात अचानक खतरनाक हो गए। आरोप है कि सद्दाम और आलम ने अपनी Swift कार से एएसआई राजेंद्र सिंह को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई।

राजेंद्र सिंह सिर्फ एक पुलिसकर्मी नहीं थे, वो तीन छोटे बच्चों के पिता थे, एक परिवार का सहारा थे। इस मामले को लेकर आज फरीदाबाद के बीके चौक पर गौरक्षा बजरंग फ़ोर्स के अध्यक्ष बिट्टू बजरंगी के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया, बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए, इस दौरान लोगों ने एक सुर में नारे लगाएराजेंद्र सिंह के हत्यारों को फांसी दो।

बिट्टू बजरंगी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पुलिस दिन-रात जनता की सेवा में लगी रहती है, लेकिन जब वही निशाने पर आ जाए, तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है। पुलिसकर्मी का मर्डर करने वाले सद्दाम और आलम का न सिर्फ एनकाउंटर हो बल्कि उनके घर पर बुल्डोजर भी चलना चाहिए।  इसके अलावा बिट्टू बजरंगी ने मांग की है मृतक ASI राजेंद्र सिंह के परिजनों को 1 करोड़ मुवावजा दिया जाय. उन्होंने कहा, ऐसे मामलों में सख्त कदम नहीं उठाए गए तो अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे। आपको बता दें कि ASI राजेंद्र सिंह का मर्डर करने वाले सद्दाम और आलम को फरीदाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. 

फरीदाबाद: लड़की के जाल में फंस गया युवक, 4,43,68,974 की हुई ठगी, आरोपी गिरफ्तार

faridabad-police-arrested-1-cyber-fraud-accused


फरीदाबाद:- फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर लगभग 4.43 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने खाताधारक को 11 अप्रैल को लुधियाना पंजाब से गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान सौरभ(27) निवासी नामदेव कालोनी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार 24 अक्टूबर 2025 को सेक्टर-9, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसकी एक डेटिंग वेबसाइट के माध्यम से एक युवती से जान-पहचान हुई, इसके बाद व्हाट्सएप कॉल पर भी उनकी बातचीत होती रही। युवती ने उसे बताया कि वे, फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा कमाते हैं। फिर निवेश के लिए https://www.marketaxess.vip नामक वेबसाइट पर उसका अकाउंट बनवाया गया। 

जिस पर उसने अप्रैल से जून 2025 के बीच विभिन्न ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 4,43,68,974 रुपये निवेश कर दिये और जब उसने अपनी निवेश की गई राशि निकालने का प्रयास किया तो वह पैसे नही निकाल सका। जिस पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपित खाताधारक है जिसकी फर्म के खाता में 20 लाख 20 हजार रुपये आये थे। आरोपित 10वीं पास है व एक फैक्ट्री में काम करता है। मामले में अब तक कुल 15 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी सौरभ को माननीय न्यायलय में पेश कर जेल भेजा गया है।

बल्लभगढ़ के नवलू कॉलोनी में दर्जनों OYO पर फिर जड़ा गया ताला

44-oyo-sealed-in-ballabhgarh-navlu-colony


बल्लभगढ़ के रेलवे रोड स्थित नवलू कॉलोनी में आज प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए करीब 44 OYO होटलों को सील कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम के साथ भारी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब नवलू कॉलोनी में इस तरह की कार्रवाई हुई है। कुछ महीने पहले भी कई OYO होटल सील किए गए थे, लेकिन बाद में ये फिर से चालू हो गए। लगातार मिल रही शिकायतों और नियमों की अनदेखी के चलते प्रशासन को दोबारा सख्त कदम उठाना पड़ा।

नवलू कॉलोनी के कई मकानों में एक-एक कमरे को OYO होटल के रूप में चलाया जा रहा था, जिससे इलाके का माहौल खराब हो रहा था। आसपास रहने वाले परिवारों ने इसे लेकर नाराजगी जताई और शर्मिंदगी महसूस करने की बात भी कही। प्रशासन का कहना है कि अवैध रूप से चल रहे होटलों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

गौकशी करने वाले जुनेद और अजरुद्दीन को फरीदाबाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

faridabad-police-arrested-2-accused


फरीदाबाद: पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 05 अप्रैल को थाना धौज की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि गांव धौज क्षेत्र के अंतर्गत गांधी कॉलोनी, गांव कुरैशीपुर में अजरुद्दीन नामक व्यक्ति अपने साथियों के साथ मिलकर गौकशी कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी कर 107 किलोग्राम संदिग्ध गौमांस बरामद किया। इस संबंध में थाना धौज में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी अजरुद्दीन तथा जुनेद निवासी गांव फतेहपुर तगा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गाय का वध कर मांस को बेचने के उद्देश्य से रखा हुआ था। दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. 

फरीदाबाद: किडनैप कर युवक का मर्डर करने वाला अब्दुल गिरफ्तार

abdul-arrested-in-murder-case


फरीदाबाद: पुलिस उपायुक्त, अपराध राजेश कुमार मोहन के नेतृत्व में फरीदाबाद पुलिस  की अपराध शाखाओं की टीम द्वारा संगीन अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। अक्टूबर 2025 के अपहरण व हत्या के एक मामले में साजिश में शामिल एक आरोपी को अपराध शाखा DLF की टीम ने कैली गांव से गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान अब्दुल(34) वासी गांव कैली फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार नवीन निवासी इंद्रा नगर, फरीदाबाद ने 7 अक्टूबर 2025 को थाना सेक्टर-8 में दी अपनी शिकायत में बताया था कि 7 अक्टूबर को उसका बेटा किसी कार्य से घर से गया था परंतु वापस नहीं लौटा। उसका अपहरण कर लिया गया है। जिस पर थाना सेक्टर-8 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। 8 अक्टूबर को कृष्णा की डेड बॉडी बाटा फ्लाई ओवर के नीचे रेलवे ट्रैक के पास मिली, जिस पर मामले में हत्या की धारा जोड़ी गई थी।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अब्दुल मुख्य आरोपी बब्लू का भाई है तथा वह हत्या की साजिश में शामिल था। आरोपी अब्दुल को माननीय न्यायलय में पेश कर जेल भेजा गया है।  घटनाक्रम में बबलू भाई सुल्तान को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

फरीदाबाद: युवती से मिलने गया युवक नहीं लौटा जिंदा, 5 आरोपी गिरफ्तार

murder-in-roshan-nagar-palla-5-accused-arrested


फरीदाबाद- फरीदाबाद पुलिस द्वारा संगीन अपराधों में संलिप्त आरोपितों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। 1 अप्रैल की रात को रोशन नगर में जैतपुर विस्तार दिल्ली निवासी एक 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस चौकी नवीन नगर की टीम ने 24 घंटे के अंदर-अंदर एक नाबालिक सहित 5 आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जिनकी पहचान प्रिंस व रोशन वासी रूपनगर, जैतपुर, दिल्ली, राहुल वासी टेकराम कॉलोनी, जैतपुर तथा हर्ष वासी अर्पण विहार के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार राजकुमार राय वासी एकता विहार, जैतपुर विस्तार दिल्ली ने थाना पल्ला में दी अपनी शिकायत में बताया कि उसके बडे बेटे का नाम मानस राय (25) है। जिसकी जानकारी रोशन नगर में रहने वाली एक लडकी से थी। 1 अप्रैल को रात 10 बजे के करीब उसका बेटा मानस राय अपने दोस्त हर्ष के साथ जानकार युवती से मिलने के लिये उसके घर रोशन नगर गया था। घर पर लड़की का पिता भी था। जब वे आपस में बात कर रहे थे, तभी युवती की छोटी बहन अपने जानकार अमन, प्रिंस, रोशन, राहुल, हर्ष वगैरा के साथ बाहर से घर पर आई। जहां पर अमन ने अपनी जेब से चाकू निकाल कर मानस राय पर हमला किया। जिसको हर्ष ने अपने हाथ से रोका तो हर्ष के हाथ में चाकू से चोट लगी, अमन ने दुबारा से उसके बेटे को पेट में चाकू मारा व अन्य सभी ने लात, धूसों व थप्पड से उसके बेटे  व हर्ष के साथ मारपीट की। उसके बेटे मानस राय की सफदरजंग हस्पताल में ईलाज के दौरान मृत्यु हो गई।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपित अमन की मृतक मानस राय के साथ पुरानी कहासुनी थी। 1 अप्रैल को रात के समय अमन अपने साथियों के साथ रोशन नगर में आया था। जहां पर अमन ने मानस राय के पेट में चाकू मारा। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है, जिनको शुक्रवार को माननीय न्यायलय में पेश किया जायेगा।

डबुआ में महिला के कान से उतरवा लिए कुंडल, क्राइम ब्रांच ने ओमीन और रियासत को धर दबोचा



फरीदाबाद पुलिस द्वारा अपराधियों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। 26 मार्च को गांव डबुआ में महिला को बातो में उलझा कर उसके कुण्डल उतरवाकर ले जाने के मामले में क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर की टीम ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है जिनकी पहचान ओमिन(28) व रियासत(32) वासी गांव तिलपत फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार डबुआ वासी एक महिला ने थाना डबुआ में दी अपनी शिकायत में बताया कि 26 मार्च को सुबह करीब 6:30 बजे वह डॉक्टर की दुकान से अपने घर जा रही थी। तभी रास्ते में एक अंजान लडके ने उसका रास्ता रोक लिया और उससे मंदिर का रास्ता पुछने लगा, तभी उस लडके के दो साथी और आ जाते है जो उसे बातों में लगाकर उसके कुण्डल उतरवा लिये और वहां से फरार हो गये। जिस शिकायत पर थाना डबुआ में संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले है। 26 मार्च की सुबह उनके एक अन्य साथी ने महिला का रास्ता रोक कर उसे बातो में लगा लिया था और फिर ओमिन व रियासत भी वहां आ गये थे। जिन्होंने मिलकर महिला को अपनी बातो में फंसा लिया था और उसके कुण्डल उतरवा लिये थे। जिसके उपरांत तीनों वहां से फरार हो गये। दोनों आरोपितों को माननीय न्यायलय में पेश 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।


Echelon Institute of Technology में हुआ ‘इचिएस्ता 2K26’ का भव्य आयोजन

echelon-institute-of-technology-news


फरीदाबाद, हरियाणा - Echelon Institute of Technology ने अपने वार्षिक टेक्नो-कल्चरल फेस्ट इचिएस्ता 2K26 का दो दिवसीय भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न किया। इस आयोजन ने 8000 से अधिक दर्शकों की रिकॉर्ड भागीदारी के साथ फरीदाबाद के सबसे बड़े और चर्चित आयोजनों में अपनी पहचान बनाई। साथ ही, इस उत्सव में 100 से अधिक कॉलेजों की भागीदारी ने इसे एक बड़े इंटर-कॉलेजिएट प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित किया।

दो दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में तकनीक, कला, संगीत और युवा ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न हिस्सों से आए छात्रों और युवाओं ने इस आयोजन को और भी भव्य बना दिया।

27 मार्च को आयोजित EDM नाइट में 2000 से अधिक छात्रों ने भाग लिया, जहाँ म्यूजिक और ऊर्जा का शानदार माहौल देखने को मिला। वहीं, 28 मार्च को मुख्य कार्यक्रम में 6000 से अधिक लोगों की उपस्थिति ने पूरे कैंपस को एक बड़े उत्सव में बदल दिया।

इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध गायक Mohit Chauhan की शानदार लाइव परफॉर्मेंस रही, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस विशेष अवसर पर 15 से अधिक लोकप्रिय इंफ्लुएंसर्स की उपस्थिति ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया, जिनमें Akshay Chauhan, Aman Jindal, Ankit Kha, Deenu Khan और Nandini जैसे नाम शामिल रहे।

इचिएस्ता 2K26 में 25 से अधिक फूड और एंटरटेनमेंट स्टॉल्स भी लगाए गए, जहाँ विविध प्रकार के व्यंजन और अनुभवों ने लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों और आगंतुकों ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा. 

“इचिएस्ता 2K26 एक अविस्मरणीय अनुभव रहा। ऐसा लगा मानो हम किसी बड़े म्यूजिक फेस्ट का हिस्सा हों।”

“मोहित चौहान की परफॉर्मेंस ने पूरे माहौल को जादुई बना दिया। ऊर्जा और उत्साह देखने लायक था।”

“यह सिर्फ एक फेस्ट नहीं, बल्कि एक सम्पूर्ण अनुभव था, जहाँ मनोरंजन, प्रतियोगिता और संस्कृति का बेहतरीन मेल देखने को मिला।”

इंफ्लुएंसर्स ने भी आयोजन की सराहना करते हुए इसे युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का शानदार मंच बताया।

इचिएस्ता 2K26 की सफलता ईशेलन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके अंतर्गत संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों को भी समान महत्व देता है।

इस भव्य आयोजन ने न केवल प्रतिभागियों के लिए यादगार अनुभव प्रस्तुत किया, बल्कि फरीदाबाद को एक बार फिर युवा उत्सवों के मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाया।

फरीदाबाद प्राइम महिंद्रा शोरूम से स्कॉर्पियो N खरीद कर मनाली में फंस गए हैं मोहित

prime-automobiles-showroom-in-faridabad


फरीदाबाद: बल्लभगढ़ सेक्टर-65 के रहने वाले मोहित के लिए नई गाडी मुसीबत बन गई है, इसी साल 18 फरवरी को उन्होंने मुजेसर में स्थित प्राइम महिंद्रा शोरूम से स्कॉर्पियो N खरीदी थी, लेकिन गाड़ी लेने के करीब एक महीना 10 दिन बाद ही उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फरीदाबाद न्यूज़ से बात करते हुए मोहित ने अपनी परेशानी साझा की है. 

मोहित के अनुसार, वह अपनी नई गाड़ी से दोस्तों के साथ मनाली घूमने गए थे, जहां किसी तकनीकी खराबी के चलते उनकी गाडी च रास्ते में ही बंद हो गई। इसके बाद से वह लगातार मदद के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन न तो शोरूम की ओर से कोई संतोषजनक सहयोग मिला और न ही रोड साइड असिस्टेंस ( RSA ) से कोई मदद मिली। हालात इतने खराब हो गए थे कि जब बीच रोड पर गाडी बंद हुई तो कई किलोमीटर लम्बा जाम लग गया था, जिसकी वजह से स्थानीय ट्रैफिक पुलिस ने भी मोहित को खरी खोटी सुनाई, उसके बाद मोहित ने कुछ लोगों को पैसे देकर गाड़ी को साइड करवाया। 

मोहित को ठंड के बीच सड़क पर ही रात गुजारने को मजबूर होना पड़ा। उन्होंने बताया कि आसपास होटल या ठहरने की भी कोई उचित व्यवस्था नहीं मिल पाई, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई। समय पर सहायता न मिलने से अभी भी मनाली में ही फंसे हैं. नीचे देखिये वीडियो।

फरीदाबाद में 2 बैंकों में लगा ताला, बाहर तैनात हुई पुलिस, जानिए पूरा मामला

kotak-mahindra-band-and-au-bank-closed


फरीदाबाद में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कोटक महिंद्रा बैंक और AU स्मॉल फाइनेंस बैंक की कुछ ब्रांचों पर अचानक ताला जड़ा मिला। सुबह बैंक पहुंचे कर्मचारियों को गेट बंद मिला, जबकि बाहर पुलिस बल तैनात था। हालात ऐसे थे कि किसी भी कर्मचारी या ग्राहक को कुछ समय तक अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। इस कार्रवाई से अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बैंकिंग सेवाएं भी प्रभावित रहीं। 

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पंचकूला नगर निगम से जुड़े करीब 160 करोड़ रुपये के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) घोटाले की जांच के चलते की गई। जांच एजेंसियों का कहना है कि संबंधित बैंकों की ओर से सहयोग नहीं मिलने पर सख्ती बरती गई।

हालांकि, करीब डेढ़ घंटे बाद स्थिति सामान्य हुई और बैंक दोबारा खोल दिए गए। फिलहाल मामले की जांच जारी है और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।