फरीदाबाद: रविवार को सेक्टर 9 बायपास पर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला चालक द्वारा तेज़ रफ्तार में चलाई जा रही स्कार्पियो ने पुलिस की स्पीड चेकिंग गाड़ी को जबरदस्त टक्कर मार दी। यह दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि टक्कर के बाद एक पुलिसकर्मी उछलकर सीधे फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस टीम एक्सप्रेसवे पर स्पीड चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान एक काली रंग की स्कार्पियो, जिसे एक महिला चला रही थी, अत्यधिक तेज़ गति से आई और नियंत्रण खोते हुए सीधे पुलिस की खड़ी गाड़ी में टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और पुलिसकर्मी हवा में उछलकर सड़क के नीचे जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायल पुलिसकर्मी को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा और देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर रफ्तार और लापरवाही की कीमत पर जानमाल के खतरे को उजागर कर दिया है।