नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 14/15 अक्टूबर की रात्रि ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन रोड से गांजा तस्करी के मामले में तीन महिलाओं सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन बैग में रखा करीब 35 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि ओडिशा से गांजा लेकर ट्रेन के जरिए फरीदाबाद पहुंचे थे और इसकी सप्लाई पलवल तथा नोएडा में की जानी थी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 14 अक्टूबर को अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति ओडिशा से गांजा लेकर ट्रेन के माध्यम से फरीदाबाद पहुंचने वाले हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और रेलवे स्टेशन रोड़ पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने तीन महिलाओं सहित छह संदिग्धों को काबू किया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद तीन बैग से करीब 35 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद निवासी गांव दुजाना, जिला गौतम बुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश), वीरेंद्र निवासी गांव सिलोटी, जिला पलवल और बलजीत निवासी गांव हिदायतपुर, जिला पलवल के रूप में हुई है। इनके अलावा उत्तर प्रदेश की ही रहने वाली तीन महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि विनोद इस तस्करी नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। वह तीन महिलाओं के साथ ओडिशा से गांजा लेकर ट्रेन के माध्यम से आया था। गांजे की खेप को पलवल और नोएडा में सप्लाई करने की योजना थी। इसके लिए विनोद ने अपने ममेरे भाई वीरेंद्र को ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर गांजा लेने के लिए बुलाया था। वीरेंद्र अपने साथी बलजीत के साथ स्टेशन पहुंचा था।
पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत वीरेंद्र और बलजीत को गांजे की खेप पलवल में सप्लाई करनी थी, जबकि विनोद और उसके साथ आई तीनों महिलाओं को गांजा लेकर नोएडा जाना था। पुलिस द्वारा आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की कार्रवाई की जाएगी। रिमांड के दौरान आरोपियों से गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क, नशीले पदार्थ की खरीद के स्रोत, सप्लाई से जुड़े अन्य व्यक्तियों तथा इस कारोबार में उनकी भूमिका के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जाएगी।


Post A Comment:
0 comments: