फरीदाबाद 21 अक्टूबर। उपायुक्त यशपाल ने बताया कि जिला स्तर पर गत वर्षो की भांति इस वर्ष भी आगामी 24 अक्टूबर 2020 को संयुक्त राष्ट्र दिवस आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत जहां तक संभव हो सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं द्वारा सामूहिक रूप से कार्यक्रम आयोजित किए जाए। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय में स्थित सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ संयुक्त राष्ट्र के ध्वज को फहराया जाए। सामान्य राष्ट्रीय ध्वज को इस प्रकार कराया जाए कि वह अपने सामने वाली दिशा के हिसाब से अपने एकदम दाई ओर हो अर्थात झंडा फहराने के समय झंडे की ओर मुख किए हुए व्यक्ति के एकदम बाई ओर हो।
इस दौरान सामाजिक समारोह, सामूहिक बैठको, विचार गोष्ठी पोस्टर प्रतियोगिता,निबंध प्रतियोगिता, भाषण व संयुक्त राष्ट्र संघ के कर्तव्यो पर वार्तालाप आयोजित की जाय जिसमें कोविड-19 महामारी के संबंध में भारत व राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा- निर्देशों को ध्यान में रखते हुए इन कार्यक्रमों का आयोजन किया जाये। इसके साथ ही विशेष चित्र पोस्टर/ इस्तिहार और अन्य साहित्य सामग्री विभाग से प्राप्त कर सकते हैं।
इस बारे उपयुक्त ने उच्चतर शिक्षा , माध्यमिक शिक्षा व प्राथमिक शिक्षा के अधिकारियों कोभी इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
क्यों मनाया जाता है संयुक्त राष्ट्र दिवस
24 अक्टूबर को विश्व भर में संयुक्त राष्ट्र दिवस के रूप में मनाया जाता है, इसी दिन 1945 में संयुक्त राष्ट्र संघ का चार्टर लागू हुआ था। 20 अक्टूबर से 26 अक्बूटर को संयुक्त राष्ट्र सप्ताह के रूप में मनाया जाता है। वर्ष 1948 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 24 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र दिवस घोषित किया था। संयुक्त राष्ट्र चार्टर पर 26 जून, 1945 को हस्ताक्षर किये गये थे तथा 24 अक्टूबर, 1945 को यह लागू हुआ था।
क्या है संयुक्त राष्ट्र संघ, क्या है इसका काम
संयुक्त राष्ट्र संघ (UN) एक अंतरसरकारी संगठन है, इसकी स्थापना अंतर्राष्ट्रीय सहयोग तथा शांति की स्थापना के लिए की गयी थी। संयुक्त राष्ट्र की स्थापना लीग ऑफ़ नेशंस नामक संगठन के स्थान पर की गयी थी। संयुक्त राष्ट्र संघ की स्थापना 24 अक्टूबर, 1945 को की गयी थी, स्थापना के समय संयुक्त राष्ट्र के 51 सदस्य देश थे, वर्तमान में संयुक्त राष्ट्र संघ के सदस्यों की संख्या 193 हैं। इसका मुख्यालय अमेरिका के न्यूयॉर्क में स्थित है।
Post A Comment:
0 comments: