फरीदाबाद। फरीदाबाद लोकसभा सीट जीतने के लिए आप और जजपा के गठबंधन ने भी पूरी ताकत लगा दी है, कल AAP के मुखिया केजरीवाल और JJP के मुखिया दुष्यंत चौटाला ने फरीदाबाद में रोड शो निकालकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया.
रोड शो के दौरान अरविन्द केजरीवाल और दुष्यंत चौटाला ने नवीन जयहिन्द को सबसे पढ़ा लिखा उम्मीदवार बताकर उन्हें वोट देने की अपील की.
अरविन्द केजरीवाल ने फरीदबाद में गुंडाराज का आरोप लगाया, उन्होंने कहा - "आम आदमी पार्टी और जननायक जनता पार्टी फरीदाबाद को गुंडाराज से मुक्ति दिलायेगी। फरीदाबाद में गुंडाराज कायम हो गया है। इस शहर को सिर्फ लूटा गया है। फरीदाबाद में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। आम आदमी पार्टी और जननायक जनता पार्टी का संकल्प है कि इस गुंडाराज को उखाड़ फेंकना है।
अरविंद केजरीवाल ने ये भी कहा, "फरीदाबाद में महिलाओं के प्रति सबसे अधिक अपराध होते हैं। महिलाओं के प्रति अपराधों में फरीदाबाद प्रदेश में अव्वल है। सबसे अधिक गैंग रेप यहीं होते हैं। फरीदाबाद में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान हमारी प्राथमिकता में है।"
अरावली मुद्दे पर बीजेपी-कांग्रेस को घेरते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, "यहां के नेताओं ने अरावली का सौदा कर दिया। शहर में सांस लेना मुश्किल हो जाएगा। देश के सबसे प्रदूषित शहरों में फरीदाबाद गिना जाता है। अभी तक यहां ऐसा कोई कार्य नहीं हुआ, जिससे लोग साफ हवा में सांस ले सकें। आम आदमी पार्टी और जननायक जनता पार्टी का संकल्प है कि वह अरावली का सौदा करके लोगों की सांसों से समझौता करने वालों को जेल भिजवाकर दम लेगी।"
उन्होंने ये भी कहा कि दोनों पार्टियां नया हरियाणा बनाने के लिए मिलकर काम करेंगी। भाजपा और कांग्रेस ने हरियाणा में जातिवाद का जहर घोला है। सभी जातियों को एक-दूसरे से लड़ाने का काम किया है। हमने 36 बिरादरियों को एकजुट किया है। हम किसी के साथ भेदभाव नहीं करते। हम सबको सम्मान और सबको मौका दे रहे हैं।
इस मौके पर जननायक जनता पार्टी के संस्थापक और लोकसभा सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा, "वर्तमान सांसद ने टोल टैक्स को जजिया कर का नारा देकर पिछला चुनाव जीता था। लेकिन, इसके बाद उन्होंने कोई टोल प्लाजा नहीं हटवाया। बल्कि नए टोल प्लाजा का निर्माण चल रहा है। यह एकमात्र ऐसा शहर है जिसमें चारों ओर से आने वालों को टोल टैक्स देना पड़ता है। हमने फरीदाबाद को सबसे अधिक पढ़ा- लिखा उम्मीदवार दिया है। उसे रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाना है।"
Post A Comment:
0 comments: