फरीदाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लोगों में जागरुकता लाने के लिए श्री सिद्धदाता आश्रम में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर पौधारोपरण करते हुए आश्रम के अधिपति श्रीमद जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने कहा कि लाखों की बात छोडक़र लोगों को कम से कम एक पौधे को पेड़ बनाने की जिम्मेदारी अवश्य लेनी चाहिए। इससे पर्यावरण की वास्तविक रक्षा हो सकेगी।
स्वामी ने कहा कि आज पूरा भारत खासकर फरीदाबाद पर्यावरण की दृष्टि से आक्षेप झेल रहा है। हाल ही में डब्ल्यूएचओ की सूची में फरीदाबाद को प्रदूषित सूचकांक में दुनिया में दूसरा स्थान मिलने से हमारी चिंताएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण केवल सरकार अथवा प्रशासन का मुद्दा नहीं है बल्कि इस मामले में सभी को मिलकर कदम बढ़ाने होंगे। तभी मानव व अन्य जीवों की रक्षा हो सकेगी।
जगदगुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी ने कहा कि श्री सिद्धदाता आश्रम एवं संचालक जनहित सेवा चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से हमेशा से पर्यावरण दृष्टि से सकारात्मक प्रयास किए जाते रहे हैं। जिसमें शासन प्रशासन एवं आम जनता ने भी समय समय पर भागीदारी की है। उन्होंने कहा कि लोगों को ज्यादा बड़े लक्ष्य के स्थान पर छोटे छोटे लक्ष्य पूरे करते जाने चाहिए। इसी प्रकार हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधे को पेड़ बनने तक उसकी रक्षा करने की प्रण लेना चाहिए। एक के बाद दूसरे पौधे को पेड़ बनने तक पालना शुरू करना चाहिए। आप देखेंगे कि आने वाले चार पांच साल में फरीदाबाद हरित फरीदाबाद बन जाएगा और यहां प्रदूषण भी तेजी से घटेगा।
Post A Comment:
0 comments: